आईआईएम नागपुर–आइवी केस एंड रिसर्च सम्मेलन का यशस्वी आयोजन

आईआईएम नागपुर–आइवी केस एंड रिसर्च सम्मेलन का यशस्वी आयोजन
Home/ समाचार/आईआईएम नागपुर–आइवी केस एंड रिसर्च सम्मेलन का यशस्वी आयोजन

आईआईएम नागपुर–आइवी केस एंड रिसर्च सम्मेलन का यशस्वी आयोजनफरवरी 9, 2026

आईआईएम नागपुर–आइवी केस एंड रिसर्च सम्मेलन का यशस्वी आयोजन

नागपुर, 9 फरवरी 2026

भारतीय प्रबंध संस्थान नागपुर (आईआईएम नागपुर) द्वारा आइवी पब्लिशिंग के सहयोग से आयोजित द्वितीय आईआईएम नागपुर केस एंड रिसर्च सम्मेलन 2026 का आयोजन 6 से 8 फरवरी 2026 के दौरान अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस सम्मेलन द्वारा केस आधारित अनुसंधान, शिक्षण पद्धतियों और अकादमिक सहयोग के क्षेत्र में आईआईएम नागपुर की भूमिका को अधिक सशक्त किया आया हैं।

सम्मेलन की शुरुआत 6 फरवरी 2026 को आयोजित प्री-कॉन्फ्रेंस केस राइटिंग एवं टीचिंग कार्यशाला से हुई, जिसमें देश-विदेश के प्रतिष्ठित संस्थानों से आए शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यशाला में एआईएम मनीला, आईआईएम अहमदाबाद, आईएसबी हैदराबाद और आइवी पब्लिशिंग से आए विशेषज्ञों ने केस स्टडी विकास, कक्षा शिक्षण में उनके उपयोग और नवाचार आधारित शिक्षण पर मार्गदर्शन दिया। ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से लगभग 107 प्रतिभागियों की भागीदारी इस कार्यशाला में दर्ज की गई, जिसमें 10 सहयोगी संस्थानों से 50 प्रतिभागी शामिल थे।

सम्मेलन के मुख्य सत्रों का आयोजन 7 और 8 फरवरी 2026 को किया गया, जिसमें विशेषज्ञ व्याख्यान, केस लेखन एवं शिक्षण सत्र, केस प्रस्तुतियाँ और शोध पत्र प्रस्तुतियाँ सम्मिलित रहीं। यह मंच विद्वानों, शिक्षकों और शोधकर्ताओं के बीच गहन विमर्श और अकादमिक सहयोग का प्रभावी माध्यम बना। सम्मेलन को अत्यंत व्यापक प्रतिसाद प्राप्त हुआ, जिससे केस आधारित शोध की बढ़ती प्रासंगिकता और आईआईएम नागपुर की अकादमिक विश्वसनीयता स्पष्ट रूप से सामने आई। सम्मेलन के लिए कुल 917 शोध एवं केस प्रस्तुतियाँ प्राप्त हुईं, जबकि 663 प्रतिभागियों ने औपचारिक पंजीकरण कराया। सहयोगी संस्थानों से 142 पंजीकरण हुए और सम्मेलन से जुड़े विभिन्न आयोजनों में कुल 805 पंजीकरण दर्ज किए गए।

सम्मेलन में देश के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। विभिन्न भारतीय प्रबंधन संस्थानों (आईआईएम) से कुल 63 प्रतिभागी शामिल हुए, जिनमें आईआईएम अहमदाबाद, बैंगलोर, लखनऊ, इंदौर, कोझिकोड, शिलांग और मुंबई जैसे प्रतिष्ठित संस्थान सम्मिलित थे। इसके अतिरिक्त, 12 भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) के प्रतिनिधियों ने भी सम्मेलन में सहभागिता की। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मेलन की मजबूत उपस्थिति रही, जिसमें 36 प्रतिभागियों ने अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी, कनाडा, रूस, ओमान, यूएई, कतर, सऊदी अरब, सार्क देशों सहित अन्य देशों से भाग लिया।

यह सम्मेलन आईआईएम नागपुर के समर्पित केस स्टडी सेंटर के माध्यम से आयोजित किया गया, जो विश्व की अग्रणी केस लेखन एवं प्रकाशन संस्था आइवी पब्लिशिंग के सहयोग से संचालित होता है। आईआईएम नागपुर देश के उन चुनिंदा संस्थानों में शामिल है जिनके पास अपना केस स्टडी सेंटर है। यह इसे भारत का तीसरा आईआईएम और नवीन पीढ़ी के आईआईएम में पहला संस्थान बनाता है, जिसने इस प्रकार की अकादमिक संरचना विकसित की है। इस केंद्र के माध्यम से भारतीय उद्योग, नीति और नेतृत्व से जुड़ी वैश्विक स्तर की केस स्टडी विकसित की जा रही हैं।

इस वर्ष के सम्मेलन में सहभागिता, प्रस्तुतियों और अंतरराष्ट्रीय जुड़ाव में कई गुना वृद्धि देखने को मिली। यह सम्मेलन आईआईएम नागपुर को केस आधारित प्रबंधन शोध के क्षेत्र में एक सशक्त और विश्वसनीय अकादमिक केंद्र के रूप में स्थापित करता है। द्वितीय संस्करण की यह सफलता इस बात का स्पष्ट संकेत है कि आईआईएम नागपुर भारतीय उद्योग कथाओं को वैश्विक अकादमिक मंचों तक पहुँचाने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।